एटा (K5 News)। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 70 छात्राएं फूड प्वाइजनिंग की शिकार हो गईं। इनमें से 50 छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई, जबकि उपचार के बाद 20 की हालत में सुधार आया। जिला अस्पताल पहुंचे डीएम अमित किशोर ने बताया कि मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए हैं।  अवागढ़ में सुरांया रोड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं गुरुवार रात को भी रोज की तरह रात खाना खाकर सो गईं। देर रात कुछ छात्राओं को पेट दर्द उठने के बाद उल्टी-दस्त शुरू हो गए। तड़के सभी को अवागढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। इनमें से 50 छात्राओं की हालत अधिक खराब थी। उपचार के बाद बाकी छात्राओं की हालत में सुधार बताया गया है। विद्यालय की वार्डन आरती यादव का कहना है कि गुरुवार रात छात्राओं को आलू-राजमा की सब्जी, मिक्स दाल, चावल और रोटी दी गई थी। पहले वार्डन ने खुद खाना खाया। शुक्रवार को अधिकारियों ने रसोइये से भी पूछताछ की, उसमें यह बात सामने आई है कि खराब दूध से जमे दही का रायता छात्राओं को परोसा गया। साथ ही दो छात्राओं ने चावल में बड़ी सी गोली निकलने की बात कही है। जिला अस्पताल में उपचाररत छात्राओं की हालत में धीरे-धीरे सुधार आ रहा है। एक को छोड़कर सभी होश में थीं।
Share To:

Post A Comment: