Delhi Election Result 2020 वोटों की गिनती के बीच शाहीन बाग में सन्नाटा...दिलचस्प हुई लड़ाई

सीएए को लेकर शाहीन बाग का धरने देश में काफी सुर्खियों में रहा है। इस इलाके में तकरीबन दो महीने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ महिलाएं धरने पर बैठी हैं

नई दिल्ली, एबीपी गंगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज नतीजे का दिन है। वोटों की गिनती जारी है। बात करें शाहीन बाग की तो मंगलवार के दिन यहां धरना स्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ है। कुछ ही लोग दिखाई दिये। वोटों की गिनती का असर साफ देखा गया है। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शाहीन बाग में तकरीबन दो महीने से धरना दिया जा रहा है। लेकिन मतगणना के दिन तस्वीर बिल्कुल उलट रही।

इससे पहले 8 फरवरी को मतदान वाले दिन शाहीन बाग में लोगों के बीच उत्साह देखने को मिला था। शाहीन बाग इलाके में पोलिंग बूथ पर लंबी लंबी कतारें देखने को मिली थी। यह इलाका ओखला विधानसभा के अंतर्गत आता है। यहां के मतदान केंद्रों पर वोटिंग के लिए मतदाताओं की भारी भीड़ दिखाई दी थी।  आपको बता दें कि शाहीन बाग इलाका ओखला विधानसभा क्षेत्र के अंदर आता है। यहां पिछले 15 दिसंबर से भारी संख्या में लोग नागरिकता कानून, एनपीआर और एनआरसी के विरोध में बैठे हुए हैं।

15 दिसंबर से यहां की सड़कें जाम हैं। लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। यही नहीं पिछले दिनों यहां गोलीबारी की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। गौरतलब है कि ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने अमानतुल्ला खान, भारतीय जनता पार्टी ने ब्रह्म सिंह और कांग्रेस ने परवेज हाशमी को उतारा है। अबतक मिले रुझानों में आप और भाजपा में मुकाबला रोचक है। अमानतुल्ला और ब्रह्म सिंह में नजदीकी संघर्ष देखा जा रहा है। हालांकि अंतिम परिणाम के लिये कुछ इंतजार करना होगा।

इससे पहले मतगणना को लेकर शाहीन बाग और जामिया में अफवाहों का बाजार भी गर्म है। लोगों का कहना है कि शायद मतगणना के बाद शाहीन बाग और जामिया में चल रहे प्रदर्शनकारियों को हटा दिया जाएगा। हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार किसी की भी बने, लेकिन उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।

एग्जिट पोल की बात की जाये तो 'आप' बिना दिक्कत के सरकार बनाती हुई दिख रही है। धरने में शामिल एक युवक ने कहा कि शाहीन बाग में लोगों ने वोटिंग में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। यही नहीं युवक ने कहा कि सरकार किसी की भी बने शाहीन बाग में धरना-प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा। हम आज भी लोगों से अपील कर रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा तादाद में धरने में शामिल हों।
Share To:

Post A Comment: