मुंबई. मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का कहर अब भी जारी है। शुक्रवार रात से शुरु हुई बारिश के कारण शहर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। आलम यह है कि कई रूटों पर मुंबई लोकल की सेवाएं रद्द की गई हैं। इसके अलावा 7 उड़ानों को भी रद्द करना पड़ा है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रह सकता है। रविवार को कई इलाकों में लोगों को तेज बारिश के साथ हाई टाइड का भी सामना करना पड़ेगा। हाइ टाइड के दौरान समुद्र में 4.5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इसके अलावा मीठी नदी ऊफान पर है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से बचें। 

भारी बारिश के कारण शनिवार को अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत, तीन लापता और एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। वहीं नवी मुंबई में पिकनिक मनाने निकली चार लड़कियां ड्राइविंग रेंज के पास झरने में बह गईं। यह हादसा खारघर की पांडवकड़ा पहाड़ियों के पास हुआ है। स्थानीय प्राधिकरण का कहना है कि एक लड़की का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है। 


Share To:

Post A Comment: