सुलतानपुर (K5 News)। सूबे की राजधानी से सटे सुलतानपुर में फिल्मी कहानी का जीवंत प्रसारण गांव के कुछ लोगों ने देखा। विवाह के बाद दूल्हे के साथ कार में बैठकर ससुराल विदा हुई एक दुल्हन रास्ते में ही बहाने से उतरी और बाइक पर बैठकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। काफी देर तक दूल्हा तथा उसके परिवार वाले खोजबीन करते रहे, उसके बाद परेशान होकर पुलिस की शरण में गए। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद प्रेमी के पिता को हिरासत में ले लिया है। फिल्मों में हम अधिकांशत: कुछ इस तरह की सीन देखते हैं कि एक प्रेमी सरेराह दुल्हन को अगवा कर ले जाता है। कल सुलतानपुर में यह घटना सच साबित हुई। कोतवाली देहात के इलाहाबाद हाईवे के पास शादी के बाद दूल्हे के साथ ससुराल जा रही दुल्हन को कार से उतार प्रेमी बाइक पर बैठाकर फुर्र हो गया और दूल्हा देखता ही रह गया। इसकी जानकारी होते ही मामला चर्चा-ए-आम हो गया। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। सुलतानपुर-इलाहाबाद हाईवे के प्रतापगंज बाजार के पास कोतवाली देहात के काशीराम का पुरवा गांव से शुक्रवार रात अमेठी जिले के पीपरपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में बारात गई थी। तय मुहूर्त के मुताबिक शादी की रस्में निभाई गईं। सात फेरे के बाद सभी रस्म रिवाज पूरा कर कल सुबह दुल्हन की विदाई की गई। दुल्हन कार में बिठाकर दूल्हा अपने घर चला। कार गांव पार कर आगे कुछ दूर ही आई थी कि पीछे एक बाइक सवार युवक भी आ रहा था, जो दुल्हन का प्रेमी व पड़ोसी गांव का ही युवक बताया जाता है। इलाहाबाद हाईवे से पहले ही कार गोपाला बाबा के मंदिर पर पहुंची थी, तभी प्रेमी ने कार के आगे बाइक लगा रोक दी। दुल्हन को बाबा के मंदिर से आशीर्वाद ले आगे जाने को कहा। दुल्हन के कार से उतरते ही प्रेमी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर फुर्र हो गया। दुल्हा व अन्य लोग जब तक कुछ समझ पाते वह गांव के रास्ते से ओझल हो गया। इसकी जानकारी होते ही वर-वधू पक्ष में खलबली मच गई। लोग भाग-दौड़ कर दुल्हन को ढूंढऩे लगे। दुल्हन लेकर भागने वाले पड़ोसी गांव के प्रेमी युवक की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र रामशब्द यादव निवासी छीतन का पुरवा कोतवाली देहात के रूप में हुई। लड़की का पिता वहां पहुंचा तो कथित प्रेमी के पिता रामशब्द रास्ते में मिल गए, वह दोनों मारपीट करने लगे। इस दौरान रामशब्द को चोट भी आई हैं। दुल्हन के पिता ने कोतवाली देहात में घटना को लेकर नामजद तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस प्रेमी के पति रामशब्द को हिरासत में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Share To:

Post A Comment: